आधारभूत क्षेत्रों में उत्पादन 3.6 फीसदी गिरा
नई दिल्ली, 18 जून (आईएएनएस)। औद्योगिक उत्पादन दर में धीमी प्रगति के बाद देश के छह आधारभूत क्षेत्रों में भी अप्रैल के दौरान उत्पादन में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इन प्रमुख क्षेत्रों में कच्चा तेल, तेल शोधन, कोयला, बिजली, सीमेंट व तैयार इस्पात शामिल हैं।

केंद्रीय सांख्यिकी संगठन (सीएसओ) से जारी आंकड़ों के अनुसार इन छह आधारभूत क्षेत्रों में अप्रैल 2008 के दौरान उत्पादन में संयुक्त रूप से 3.6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
पिछले वर्ष की समान अवधि के दौरान समान क्षेत्रों में उत्पादन 5.9 फीसदी बढ़ा था। मार्च 2008 के दौरान भी इन क्षेत्रों में उत्पादन में 9.6 फीसदी की वृद्धि देखी गई थी।
औद्योगिक उत्पादन सूचकांक में इन छह आधारभूत क्षेत्रों का कुल भारांक 26.7 फीसदी है।
सीएसओ के अनुसार समीक्षाधीन अवधि के दौरान तेल शोधन क्षेत्र में उत्पादन 4.3 फीसदी घटा जबकि पिछले वर्ष समान अवधि के दौरान इस क्षेत्र में उत्पादन 15.1 फीसदी बढ़ा था। कच्चे तेल के उत्पादन में भी समीक्षाधीन अवधि के दौरान 0.9 फीसदी की कमी आई।
पिछले वर्ष की समान अवधि के दौरान कच्चे तेल के उत्पादन में 1.4 फीसदी की तेजी आई थी। बिजली उत्पादन के क्षेत्र में भी समीक्षाधीन अवधि के दौरान 1.4 फीसदी की कमी दर्ज की गई। बीते वर्ष की समान अवधि के दौरान इसमें 8.7 फीसदी की वृद्धि देखी गई थी।
कोयला, सीमेंट व इस्पात के उत्पादन में हालांकि समीक्षाधीन अवधि के दौरान वृद्धि हुई और इन क्षेत्रों में क्रमश: 10.3 फीसदी, 6.9 फीसदी व 4 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*

Click it and Unblock the Notifications