ससुराल वालों ने महिला और तीन बच्चों को जिंदा जलाया
पटना, 18 जून (आईएएनएस)। बिहार में एक लोमहर्षक घटना में ससुराल वालों ने महज 50 हजार रुपयों की खातिर एक महिला और उसके तीन बच्चों को पीट-पीटकर जलाकर मारने की कोशिश की। इस घटना में महिला और उसके छह वर्षीय बच्चे ने तो अस्पताल ले जाए जाते समय दम तोड़ दिया, जबकि दो बच्चियों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
यह दहला देने वाली यह घटना छपरा जिले के खैरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम को हुई। ससुरालवालों ने 28 वर्षीया जहांआरा खातून और उसके तीन बच्चों के साथ मारपीट करने के बाद उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की। जिसमें जहांआरा और छह वर्षीय नदीम ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया जबकि मुन्नी व साजिया नाम की बच्चियों को गंभीर हालत में पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।
जिले के खैरा थानाध्यक्ष सुबास कुमार ने बताया कि जहांआरा के पिता अब्दुल जफार खान ने इस सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस इस संबंध में जहांआरा खातून के पति समेत अन्य नामजद अभियुक्तों की तलाश कर रही है ।
अधिकारी ने बताया कि जहांआरा का निकाह नौ वर्ष पूर्व आलम तेज खान के साथ हुआ था लेकिन वह अपने परिवार वालों के साथ मिल कर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। प्राथमिकी में आलम खान पर दूसरी शादी करने का भी आरोप लगाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications