नूपुर की गिरफ्तारी की खबर अकलबाजी

इस बहुचर्चित हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई टीम के प्रमुख और संयुक्त निदेशक अरुण कुमार ने कहा, "मीडिया के एक वर्ग में इस प्रकार की खबरें आई हैं कि नूपुर तलवार की गिरफ्तारी होने वाली है। इस खबर में कोई तथ्य नहीं है क्योंकि नूपुर की गिरफ्तारी का कोई आधार ही नहीं है।"
ज्ञात हो कि नूपुर तलवार को शुक्रवार को लाई डिटेक्टर टेस्ट से गुजराना पड़ा था जबकि सात जून को उनका मनौवैज्ञानिक परीक्षण हुआ था। उधर, सीबीआई की एक टीम ने कल सुबह करीब छह बजे एक बार फिर तलवार दंपति के अपार्टमेंट की तलाशी ली।
फॉरेंसिंक विशेषज्ञों की उपस्थिति में टीम ने अपार्टमेंट के आसपास और सड़कों के किनारे खोजबीन की। टीम ने तलवार परिवार के पड़ोस में रहने वाले परिवार के नौकर विजय मंडल को हिरासत में ले लिया।
सीबीआई ने आरुषि के पिता राजेश तलवार के कंपाउंडर कृष्णा के कमरे की भी तलाशी ली। कृष्णा इसी अपार्टमेंट में रहता था। इसके बाद आज शाम सीबीआई की टीम ने एक बार फिर आसपास के नालों की सघन छानबीन की। सीबीआई आरुषि की हत्या में प्रयोग किए गए हथियार की तलाश कर रही है।
राजेश तलवार के मित्र अनिता और प्रफुल दुर्रानी के साथ काम करने वाले राजकुमार का भी आज पोलीग्राफ टेस्ट कराया गया। दुर्रानी दंपति भी पेशे से दांतों के डाक्टर हैं और उनका तलवार परिवार से संबंध रहा है।
उल्लेखनीय है कि 14 मई को आरुषि का शव नोएडा स्थित उसके मकान से बरामद हुआ था। पुलिस ने 16 मई को तलवार परिवार के नौकर हेमराज को आरुषि की हत्या का आरोपी ठहराया था। लेकिन उसके अगले ही दिन हेमराज का शव उसी मकान में मिल जाने से मामले की गुत्थी उलझ गई थी जो अभी तक अनसुलझी पहेली बनी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस


Click it and Unblock the Notifications