उत्पाद करों की वसूली में 0.9 फीसदी की वृद्धि
नई दिल्ली, 17 जून (आईएएनएस)। औद्योगिक उत्पादन दर में धीमी प्रगति के मद्देनजर मई 2008 के दौरान उत्पाद करों की वसूली में सिर्फ 0.9 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। आयात करों की वसूली में हालांकि 25.1 फीसदी की तेजी आई।
केंद्रीय वित्त मंत्रालय से जारी आंकड़ों के अनुसार मई 2008 के दौरान कुल 159.93 अरब रुपये के उत्पाद करों की वसूली का अनुमान है।
वर्ष 2007 की समान अवधि के दौरान कुल 158.48 अरब रुपये के उत्पाद करों की वसूली की गई थी। वहीं समान अवधि के दौरान कुल 192.23 अरब रुपये के आयात करों की वसूली की गई। पिछले वर्ष की समान अवधि के दौरान कुल 153.69 अरब रुपये के आयात करों की वसूली की गई थी।
इस तरह से अप्रत्यक्ष करों की वसूली में मई 2008 के दौरान पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में कुल 12.8 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 312.17 अरब रुपये के मुकाबले बढ़कर 352.16 अरब रुपये तक पहुंच गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications