ग्वालियर में मकान ढहने से पांच की मौत, चार घायल (लीड-1)
ग्वालियर, 17 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पिछले दो दिनों से जारी वर्षा के बीच बहोड़ापुर क्षेत्र में एक मकान के ढह जाने से पांच लोगों की मौत हो गई हैं, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मरने वालों में तीन बच्चे और पति-पत्नी शामिल हैं।
बहोड़ापुर थाने के उपनिरीक्षक मोहर सिंह ने बताया हैं कि बहोडापुर में लक्ष्मण तलैया बस्ती हैं इस क्षेत्र में वर्षा के दौरान संतोष शुक्ला के मकान की दीवार नीचे की ओर स्थित मीना बाथम के मकान पर गिरी। जब यह हादसा हुआ उस समय मकान के भीतर 9 लोग थे। दीवार के गिरते ही मीना बाथम का मकान पूरी तरह ढह गया और उसके भीतर मौजूद सारे लोग दब गए।
मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में छोटेलाल बाथम और उसकी पत्नी रजनी बाथम की मौत हो गई। इसके अलावा तीन बच्चे पूजा (5 वर्ष), नीलम (5 वर्ष) और पृथ्वी (2 वर्ष) भी काल के गाल में समा गए हैं। मकान के भीतर मौजूद प्रवेश, पूनम, मुकेश और सुल्तान की हालत गंभीर बनी हुई हैं।
इस हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने चक्का जाम कर दिया। यह चक्का जाम दो घंटे से अधिक चला। लोगों की मांग थी कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार संतोष शुक्ला के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस अधिकारी के आश्वासन पर जाम खत्म हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications