प्रीमार्क ने भारतीय आपूर्तिकर्ताओं के साथ अनुबंध रद्द किए
लंदन, 17 जून (आईएएनएस)। कपड़े का खुदरा व्यापार करने वाली ब्रिटेन की प्रमुख कंपनी प्रीमार्क ने तमिलनाडु की तीन आपूर्तिकर्ता कंपनियों के साथ अपने अनुबंध यह कहते हुए रद्द कर दिए हैं कि इन कंपनियों में बालश्रमिक काम करते हैं।
लंदन, 17 जून (आईएएनएस)। कपड़े का खुदरा व्यापार करने वाली ब्रिटेन की प्रमुख कंपनी प्रीमार्क ने तमिलनाडु की तीन आपूर्तिकर्ता कंपनियों के साथ अपने अनुबंध यह कहते हुए रद्द कर दिए हैं कि इन कंपनियों में बालश्रमिक काम करते हैं।
कंपनी ने अपने स्टोरों में मौजूद उन कपड़ों को भी हटा लिया है, जिनकी आपूर्ति इन कंपनियों ने की थी।
प्रीमार्क ने यह कदम ब्रिटिश 'ब्राडकास्टिंग कारपोरेशन' (बीबीसी) के उस कार्यक्रम के प्रति सतर्कता बरतते हुए उठाया है जिसमें इस कंपनी की आपूर्ति श्रृंखला में बालश्रम की भूमिका उजागर की गई है। इस कार्यक्रम का प्रसारण फिलहाल नहीं हुआ है।
समाचार पत्र 'द टेलीग्राफ' के मुताबिक तमिलनाडु में त्रिपुर स्थित कपड़ा बनाने वाली कंपनियां अपने घरों में ही काम करने वाले कुछ कशीदाकारों से ठेके पर काम करवाती हैं, जिनमें कई बालश्रमिक भी शामिल हैं।
प्रीमार्क का कहना है, "कंपनी नैतिकता पर आधारित कारोबार करती है, जो अपने आपूर्तिकर्ताओं से उच्चस्तरीय उत्पादों की मांग करती है। कंपनी ने आपूर्तिकर्ताओं के लिए कड़ी आचार संहिता बना रखी है, जिसमें बालश्रमिकों के इस्तेमाल की अनुमति नहीं है।
हमारे किसी भी आपूर्तिकर्ता को बिना हमारी विशेष सहमति के उप ठेका देने की अनुमति नहीं है। प्रीमार्क अपने बुनियादी सिद्धांतों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं करता।"
गौरतलब है कि प्रीमार्क 'इथिकल ट्रेडिंग इनिशिएटिव' की सदस्य है। कंपनी ने कहा है कि वह भविष्य में भी भारतीय आपूर्तिकर्ताओं के साथ सौदे के प्रति सतर्कता बरतेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications