पूर्वोत्तर में बाढ़ का कहर जारी, लाखों प्रभावित

असम के राहत और पुनर्वास मंत्री भूमिधर बर्मन ने बताया कि लखीमपुर जिले में सोमवार रात दो व्यक्तियों की डूबने से मौत हो गई। उन्होंने कहा, "असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।"
सरकार द्वारा जारी बयान के अनुसार, 346 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा और भी बढ़ गया है। बर्मन ने कहा, "बाढ़ के कारण राज्य के 15 तटबंधों में दरार आ गई है।"
लखीमपुर जिले में लोगों को सुरक्षित स्थानों पहुंचाया जा रहा है। बर्मन ने कहा, "बाढ़ प्रभावित इलाकों मे सेना के जवान युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। राहत कार्यों के लिए भारतीय वायु सेना की सहायता ली जा रही है।"
केंद्रीय जल आयोग ने मंगलवार को कहा कि ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर राज्य के दस स्थानों पर खतरे के निशान को पार कर चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में और अधिक बारिश होने की संभावना है।
इससे पहले शनिवार को अरुणाचल प्रदेश में भूस्लखन से 19 लोगों की मौत हो गई और अन्य 15 घायल हो गए। 2004 में असम में आई बाढ़ में 200 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस


Click it and Unblock the Notifications