कनाडा में लिट्टे के मोर्चा संगठन पर प्रतिबंध
टोरंटो, 17 जून (आईएएनएस)। कनाडा ने 'लिबरेशन टाइगर्स आफ तमिल ईलम' (लिट्टे) के मोर्चा संगठन 'वर्ल्ड तमिल मूवमेंट' (डब्ल्यूटीएम) पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही इस संगठन द्वारा लिट्टे के लिए उगाही जाने वाली संपत्तियों को भी जब्त कर लिया गया है।
डब्ल्यूटीएम पर प्रतिबंध की घोषणा करते हुए कनाडा के जन सुरक्षा मंत्री स्टाकवेल डे ने सोमवार को कहा, "कनाडा की जनता को आतंकवादी खतरों से बचाने और राष्ट्रीय सुरक्षा को अक्षुण्ण रखने के मद्देनजर सरकार एक बार फिर निर्णायक कार्रवाई कर रही है।"
उन्होंने बताया कि डब्ल्यूटीएम को कनाडाई आपराधिक संहिता के आधार पर प्रतिबंधित किया गया है। इस प्रतिबंध के तहत कड़े सजा का प्रावधान किया गया है।
उल्लेखनीय है कि श्रीलंका के बाहर कनाडा में सबसे अधिक श्रीलंकाई तमिल रहते हैं।
कनाडा में रहने वाले श्रीलंकाई तमिल द्वारा 1986 में डब्ल्यूटीएम का गठन किया गया था। इस संगठन पर कनाडाई तमिल से कोष इकट्ठा करने का आरोप था।
अमेरिका में हुई 9/11 की घटना के बाद कनाडा ने लिट्टे समेत 40 संगठनों पर प्रतिबंध लगाया था। कनाडा में पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी फ्रंट आर्गेनाइजेशन पर प्रतिबंध लगाया गया हो।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications