'चावल पर से चार-पांच महीनों में उठ सकता है निर्यात प्रतिबंध'
नई दिल्ली, 17 जून (आईएएनएस)। अगामी मौसम के दौरान रिकार्ड उत्पादन व खरीद अनुमान के मद्देनजर सरकार चावल के निर्यात पर जारी प्रतिबंध को अगले चार से पांच महीनों में हटा सकती है।
राजधानी में हीरा के व्यापार पर मंगलवार को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन से इतर वाणिज्य सचिव जी. के. पिल्लई ने संवाददाताओं को बताया कि अक्टूबर -नवंबर के दौरान सरकार चावल के निर्यात पर जारी प्रतिबंध को हटाने के संबंध में विचार कर सकती है।
पिल्लई ने कहा कि उनके अनुसार अगर चावल की फसल नवंबर के दौरान ठीकठाक रहती है तो सरकार को निर्यात प्रतिबंध को हटाने में सहूलियत होगी। सरकार आगामी सीजन के दौरान कुल 9.4 करोड़ टन चावल उत्पादन का अनुमान लगा रही है और ऐसी स्थिति में देश में 30 से 40 लाख टन अतिरिक्त चावल का स्टाक उपलब्ध हो जाएगा।
इससे पहले केंद्र सरकार ने 31 मार्च को गैर बासमती चावल के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications