गाजियाबाद से बच्चों के गायब होने खबर गलत : प्रदेश सरकार
लखनऊ, 17 जून (आईएएनएस)। गाजियाबाद से बच्चों के गायब होने की खबरों को खारिज करते हुए प्रदेश सरकार ने कहा है कि गंगा एक्सप्रेस वे के लिए भूमि अधिग्रहण किए जाने और संतोष मेडिकल कालेज के बारे में मीडिया में आ रही खबरें भी निराधार है।
आज शाम एक संवाददाता सम्मेलन में कैबिनेट सचिव शशांक शेखर सिंह ने कहा कि गााजियाबाद में 250 बच्चों के गायब होने संबंधी समाचार गलत है। उन्होंने कहा कि यह संख्या बहुत बढ़ाचढ़ा कर बताई जा रही है। जितने बच्चे गायब हुए थे उनमें से अधिकतर वापस आ गए हैं और शेष को खोजने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कैबिनेट सचिव ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस वे परियोजना के लिए केवल बंजर भूमि का ही अधिग्रहण किया जा रहा है और इसके लिए भी किसानों की सहमति प्राप्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि एटा जिले में 8000 एकड़ गैर कृषि योग्य भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को लेकर भी मीडिया में भ्रामक बातें आ रही हैं।
शशांक शेखर सिंह ने इन खबरों को भी गलत बताया कि नोएडा के संतोष मेडिकल कालेज के लिए सरकार ने 88 एकड़ भूमि दी है। उन्होंने कहा कि इस कालेज से मुख्यमंत्री मायावती का कोई वास्ता नहीं है। मायावती की सारी संपत्ति पहले से ही घोषित है। उनका किसी नाते रिश्तेदार से कोई सम्बंध नहीं है। वह सर्वसमाज के हित में कार्य कर रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications