पाकिस्तान में चार शिया मुसलमानों की हत्या
इस्लामाबाद, 17 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पश्चिमोतर सीमांत प्रांत (एनडब्ल्यूएफपी) में मंगलवार को चार शिया मुसलमानों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि यह घटना पेशावर से लगभग 100 किलोमीटर दूर जातीय हिंसा से प्रभावित शहर हंगु में हुई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "बंदूकधारियों ने एक स्थानीय बाजार में गोलियां चलाईं, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोग मारे गए।"
समाचार एजेंसी 'डीपीए' के मुताबिक इस घटना की प्रतिक्रिया स्वरूप इस क्षेत्र में हिंसा भड़कने की आशंका के कारण सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद कर दिए गए हैं।
हालांकि पुलिस ने फिलहाल इसे जातीय हिंसा की कार्रवाई तो नहीं करार दिया है, लेकिन इस क्षेत्र में बहुसंख्यक सुन्नी समुदाय और अल्पसंख्यक शिया समुदायों के बीच हिंसा का इतिहास रहा है।
एक दिन पहले ही इसी प्रांत के दूसरे शहर डेरा इस्माइल खान में शिया समुदाय की एक मस्जिद पर बम धमाका हुआ था, जिसमें एक बच्चे समेत चार लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications