नवी मुंबई विस्फोट के आरोप में दो और गिरफ्तार
मुंबई, 17 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र पुलिस ने मुंबई के पनवेल इलाके में हुए लगातार बम विस्फोट करने के आरोप में दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। नवी मुंबई में पिछले दिनों हुए विस्फोटों में सात लोग घायल हो गए थे।
पुलिस ने बताया कि आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने मंगलवार सुबह पनवेल स्थित सनातन संस्था आश्रम से विक्रम भावे और संतोष आंग्रे को गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों ने खुद को हिन्दू जन जागृति मंच (एचजेजेएम) का कार्यकर्ता बताया है।
एटीएस ने एक दिन पहले ही इस आरोप में आश्रम से 50 वर्षीय हनुमंत गडकरी और 35 वर्षीय महेश डी. निकम को गिरफ्तार किया था।
उल्लेखनीय है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के फाइनल मैच के दौरान चार जून को डी. वाई. पाटिल स्टेडियम के नजदीक विस्फोट किया गया था। इससे पहले 31 मई और 20 फरवरी को भी नवी मुंबई में विस्फोट किया गया था।
पुलिस ने आरोप लगाया है कि विस्फोट के लिए अमोनियम नाइट्रेट और अन्य दूसरे विस्फोटक पदार्थो का इस्तेमाल किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications