इंदौर में प्रस्तावित आईआईटी को निरीक्षण दल का इन्तजार
भोपाल, 17 जून (आईएएनएस) मध्यप्रदेश के इंदौर में स्थापित होने वाले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की तैयारी प्रदेश स्तर पर लगभग पूरी हो गई हैं। इसके लिए भूमि तथा भवन का भी चयन कर लिया गया हैं। अब इन्तजार केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्रालय के उस निरीक्षण दल का हैं जिसे संस्थान शुरू करने के लिए हरी झंडी देना हैं।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री अर्जुन सिंह को एक पत्र लिखकर आई़ आई़ टी़ को इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू करने का आग्रह किया है। पत्र में कहा गया है कि संस्थान की स्थापना के लिए राज्य सरकार ने इन्दौर से 22 किलो मीटर दूर 524 एकड़ भूमि और एक विशाल भवन का चयन कर लिया है, केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्रालय का निरीक्षण दल अभी तक भूमि और भवन का जायजा लेने नहीं आया है। मई माह में भी एक पत्र लिखकर निरीक्षण दल को भेजने का आग्रह किया गया था, मगर दल नहीं आया।
मुख्यमंत्री का मानना हैं कि उच्च शिक्षा के अच्छी गुणवत्ता वाले संस्थानों का राज्य में अभाव हैं। लिहाजा इस बात को ध्यान में रखकर इन्दौर में इसी सत्र से आई़ आई़ टी़ की शुरूआत करना उचित होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications