लखनऊ में बिहार के सांसद सूरजभान का शूटर गिरफ्तार
लखनऊ, 17 जून (आईएएनएस)। लखनऊ में पुलिस ने मंगलवार को बिहार के सांसद सूरजभान के शूटर एवं इनामी बदमाश रोशन कुमार को उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से पुलिस ने अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
लखनऊ के गाजीपुर थाना प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर गाजीपुर थाना क्षेत्र के पॉलीटेक्नीक चौराहे पर बिहार के सांसद सूरजभान के शूटर एवं कुख्यात बदमाश रोशन कुमार और उसके साथी गोपाल को गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी के मुताबिक दोनों के पास से पुलिस ने 38 बोर का एक रिवाल्वर एवं एक तमंचा समेत कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों बिहार के कुख्यात इनामी बदमाश हैं। रोशन कुमार बिहार के बेगूसराय जिले के मटियारी थाने में हत्या और अपहरण के एक दर्जन से अधिक मामलों में वांछित है। दोनों कुख्यात बदमाशों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications