मध्यप्रदेश में पन्ना को पवित्र नगरी का दर्जा
भोपाल, 17 जून (आईएएनएस)। हीरे की खदानों के कारण दुनिया में पहचान बना चुका मध्यप्रदेश का पन्ना जिला अब पवित्र नगरी के तौर पर भी जाना जाएगा। ऐसा इसलिए क्योंकि सरकार ने पन्ना को पवित्र क्षेत्र के रूप में विकसित करने का फैसला ले लिया है।
राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले दिनों पन्ना को पवित्र क्षेत्र बनाने की घोषणा की थी, जिसे मंगलवार को मंत्रिपरिषद की बैठक में मंजूरी दे दी गई। इस फैसले के साथ ही विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां भी सौप दी गई हैं। संस्कृति विभाग पन्ना में स्थित प्राचीन मंदिरों का पंजीयन उनके रखरखाव तथा संपत्ति की सुरक्षा की व्यवस्था करेगा।
नगरीय प्रशासन विभाग पर मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाए मुहैया कराने की जिम्मेदारी रहेगी। पर्यटन विभाग पर्यटन विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसके अलावा धर्मशालाओं के लिए रियायती दर पर भूमि आवंटन की जिम्मेदारी राजस्व विभाग की रहेगी। क्षेत्र विकास परिषद का गठन सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा किया जाएगा।
पवित्र नगर बन जाने के बाद यहां अंडा, मांस तथा मछली विक्रय प्रतिबंधित हो जाएगा और पशु पक्षियों के प्रति क्रूर बर्ताव करने वालों पर कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications