आरुषि हत्याकांड : कृष्णा छह दिनों की सीबीआई हिरासत में
नई दिल्ली, 17 जून (आईएएनएस)। गाजियाबाद की एक अदालत ने नोएडा के बहुचर्चित आरुषि-हेमराज हत्याकांड के आरोपी कृष्णा को और छह दिनों के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) रिमांड पर भेज दिया है। कृष्णा आरुषि के पिता डा. राजेश तलवार का कंपाउंडर है। तलवार को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।
सीबीआई ने कृष्णा की 11 दिनों की रिमांड की मांग की थी। एजेंसी ने कहा कि वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा है और हत्याकांड में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए कृष्णा की जरूरत है।
गाजियाबाद की विशेष अदालत में सीबीआई ने कहा कि उसे आरुषि का मोबाइल फोन और खून से सने कपड़ों को बरामद करना है। साथ ही कृष्णा से पूछताछ कर यह भी पता लगाना है कि घटना स्थल पर मौजूद अन्य चीजें कहां है।
विशेष अदालत की मजिस्ट्रेट सपना मिश्रा त्रिपाठी ने दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद शाम 4.30 बजे यह आदेश दिया। सीबीआई अब कृष्णा को 23 जून को अदालत के सामने प्रस्तुत करेगी।
सीबीआई के संयुक्त निदेशक अरुण कुमार ने बताया, "हमने धारा 161 के तहत कृष्णा के बयान रिकार्ड किए हैं।"
यद्यपि ये बयान अदालत में मान्य नहीं है। धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज किए गए बयान को ही अदालत में साक्ष्य के तौर पर पेश किया जा सकता है।
उधर, एक छह सदस्यीय सीबीआई टीम ने आज एक बार फिर तलवार परिवार के करीबी अनीता दुर्रानी और उनके पति प्रफूल से पूछताछ की। टीम ने दुर्रानी दंपति से अलग-अलग और एक साथ पूछताछ की। दुर्रानी दंपति के नौकर राज कुमार के कमरे की तलाशी ली गई। राजकुमार सीबीआई की हिरासत में है। सीबीआई ने उसके कमरे से एक खुक्री (नेपाली चाकू) बरामद किया है। इस चाकू को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
ज्ञात हो कि 14 वर्षीय आरुषि 16 मई को नोएडा स्थित अपने अपार्टमेंट के एक कमरे में मृत पाई गई थी। पुलिस ने इस मामले में उसके नौकर को आरोपित किया था लेकिन अगले ही दिन फ्लैट के छत से नौकर हेमराज का शव मिलने के बाद यह मामला सनसनीखेज बन गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications