हनीफ के वकीलों को मिले जरूरी दस्तावेज
सिडनी, 17 जूनः ब्रिटेन के ग्लासगो हवाई अड्डे पर नाकाम आतंकवादी हमले के सिलसिले में झूठा फंसाए जाने पर गिरफ्तार और फिर बरी हुए भारतीय चिकित्सक मोहम्मद हनीफ के वकील मंगलवार को आव्रजन विभाग से 250 पृष्ठों का दस्तावेज हासिल करने में कामयाब हो गए।
हनीफ के वकीलों ने पिछले महीने राष्ट्रकुल प्रशासनिक अपील पंचाट में सूचना की आजादी के अधिकार के तहत अर्जी दाखिल कर ये दस्तावेज मुहैया कराने की मांग की थी। हनीफ के वकील हनीफ की गिरफ्तारी और रिहाई तक के घटनाक्रम की जांच कर रहे न्यू साऊथ वेल्स सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जॉन क्लार्क के समक्ष इन दस्तावेजों को दाखिल करेंगे।
हनीफ को 2 जुलाई 2007 को बंदी बनाया गया था और वह 29 जुलाई 2007 को बंगलौर लौट गए थे। आस्ट्रेलियाई एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक आव्रजन विभाग के वकीलों ने पंचाट से कहा कि वह करीब 15 दस्तावेज जारी नहीं कर सकते, क्योंकि उनमें या तो राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी सूचनाएं हैं या फिर पूर्व आव्रजन मंत्री केविन एंड्रयूज के लिए परामर्श हैं।
इस साल मार्च में इस मामले की जांच की घोषणा के बाद से हनीफ के वकील अतिरिक्त अधिकारों की मांग कर रहे हैं, ताकि वह अहम सबूत जुटा सकें। हनीफ को आस्ट्रेलिया में काम करने की इजाजत देने संबंधी वीजा (वर्क वीजा) खारिज करने वाले केविन और पुलिस प्रमुख माईक कीटली ने भी जांच में सहयोग देने की बात कही।
गत दिसंबर में नए श्रम मंत्री क्रिस इवांस ने हनीफ का वर्क वीजा बहाल कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications