श्रीलंका में सर्वदलीय नागरिक सुरक्षा परिषद के गठन पर विचार
कोलंबो, 17 जून (आईएएनएस)। श्रीलंका में लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) की आतंकवादी गतिविधियों से आम लोगों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने 'सर्वदलीय नागरिक सुरक्षा परिषद' के गठन की इच्छा जाहिर की है।
श्रीलंकाई समाचार पत्र 'डेली न्यूज' ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 'सर्वदलीय नागरिक सुरक्षा परिषद' के गठन का निर्णय लिया है।
रिपोर्ट के अनुसार इस संबंध में अगले हफ्ते बातचीत की जाएगी। उधर, सेना और लिट्टे के बीच देश के उत्तर पश्चिमी इलाके में सोमवार को दो अलग-अलग संघर्षो में दो सैनिकों समेत 11 लिट्टे विद्रोही मारे गए।
सुरक्षाकर्मियों ने मन्नार के पेरियामधु में सोमवार को लिट्टे के एक बंकर को नष्ट कर दिया और छह विद्रोहियों को मार गिराया। दूसरी घटना में सेना ने मुल्लीकंडल में लिट्टे के एक बंकर को नष्ट किया गया और पांच विद्रोहियों को मार गिराया गया। इस घटना में दो सैनिक भी मारे गए और एक अन्य घायल हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications