नेपाल में लगातार बारिश से बिहार की नदियां उफान पर
पटना, 17 जून (आईएएनएस)। नेपाल के तराई इलाके में हुई लगातार बारिश से बिहार में नदियां ऊफान पर हैं। बिहार के बाल्मीकि नगर गंडक बैराज से सोमवार को बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने से पश्चिम चंपारण के कई गांव के लोग प्रभावित हुए हैं। ठकराहा प्रखंड के बहेलिया गांव के 50 से अधिक घर जलमग्न हो गये हैं। यहां के ग्रामीणों को सरकार ने गांव खाली करने का आदेश दिया है।
बगहा के अनुमंडल पदाधिकारी इमानुल हक ने आज आईएएनएस को बताया कि सोमवार को बैराज से एक लाख 40 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके पूर्व भी 60 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। श्री हक ने माना कि बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने से गंडक नदी में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने बताया कि गंडक के तेज बहाव एवं कटाव के कारण बाढ़ निरोधी कार्य संभव नहीं हो पा रहा है।
गंडक में बाढ़ आने से दियारा का इलाका भी जलमग्न हो गया है। इस कारण धनहा विधानसभा क्षेत्र के चार प्रखंडों का निचला इलाका डूब गया। उधर, रक्सौल में कलिकापुर व धनहर गांव के पास तिलावे नदी का तटबंध टूट जाने से कई गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। इधर, इन इलाकों में तटबंधों की सुरक्षा के निर्देश दिए गए हैं। जल संसाधन विभाग के सचिव अजय नायक ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के मुख्य अभियंताओं को क्षतिग्रस्त तटबंध की सुरक्षात्मक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications