नाबालिग के कानून तोड़ने पर माता-पिता भी जिम्मेदार : रेणुका
नई दिल्ली, 17 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री रेणुका चौधरी ने कहा है कि नाबालिग द्वारा गाड़ी चलाने जैसे कानून तोड़ने पर माता-पिता को भी दंडित किया जाना चाहिए।
महिला व बाल विकास मंत्रालय में मंगलवार को सुविधा केंद्र का उद्घाटन करते हुए चौधरी ने कहा कि इसके लिए सड़क परिवहन मंत्रालय को एक पत्र लिखा जाएगा। इसमें मांग की जाएगी कि वैसे माता-पिता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए जिनके बच्चे कानून तोड़ते हैं।
उल्लेखनीय है कि यह सुविधा केंद्र मंत्रालय की विविध योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारियां उपलब्ध कराएगा।
चौधरी दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेसवे पर हाल में हुई एक दुर्घटना पर प्रतिक्रिया जता रही थीं। उनका कहना था कि दुर्घटना में मरने वालों में सिद्धार्थ, करण और दिवांशु की उम्र महज 16 साल थी। इतना ही नहीं इनके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था।
उन्होंने कहा कि कम उम्र के बच्चों की गलतियों के लिए इनके माता-पिता जिम्मेदार हैं जो इन्हें गाड़ी चलाने और शराब पीने जैसी गलतियां करने की इजाजत दे देते हैं।
चौधरी ने यह भी कहा कि अगर इसके लिए जरूरत पड़े तो सड़क परिवहन मंत्रालय को अपने कानून में तब्दीली भी लाना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications