ओलंपिक के दौरान विमानों से खतरनाक उत्पादों की ढुलाई पर रोक
बीजिंग, 17 जून (आईएएनएस)। दुनिया की सवार्धिक प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता ओलंपिक की मेजबानी की तैयारी में जुटे चीन ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद बनाने के इरादे से उन शहरों में विमानों से खतरनाक उत्पादों की ढुलाई पर रोक लगाने का फैसला किया है, जिनका चयन ओलंपिक के लिए किया गया है।
देश के विमानन प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है। ओलंपिक के दौरान सरकार अपने इस फैसले पर पूरी गंभीरता के साथ अमल करेगी। विमानन सेवा कंपनियों को बीजिंग, तियानजिन, षेनयांग, किनहुआंगडाओ, किंगडाओ और षंघाई जैसे शहरों में एक जुलाई से 30 सितंबर तक इन उत्पादों की ढुलाई की अनुमति नहीं होगी। प्रतिबंधित उत्पादों की सूची में नागरिक सुरक्षा के लिए इस्तेमाल होने वाले गोला-बारूद, बंदूक, विस्फोटक आदि आते हैं।
प्रशासन ने अपनी वेबसाइट में इस फैसले की पुष्टि की है। इसमें कहा गया है कि जन स्वास्थ्य और चिकित्सीय क्षेत्र से संबद्घ कुछ बेहद जरूरी उत्पादों को छोड़कर अन्य नुकसानदेह उत्पादों पर भी प्रतिबंध होगा।
एहतियात के तौर पर ऐसे विमानों की भी जांच की जाएगी जो दूसरे शहरों के लिए जहरीली गैस, रसायनों और रेडियोधर्मी उत्पादों की ढुलाई करेंगे। चीनी संवाद एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक ओलंपिक के मद्देनजर प्रशासन ने लाइटर और माचिस रखने पर भी रोक लगा दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications