शेयर बाजारों ने लगाई छलांग, सेंसेक्स में 301 अंकों की बढ़त (लीड-2)
मुंबई, 17 जून (आईएएनएस)। बैंक, ऑटोमाबइल और अचल संपत्ति क्षेत्र के शेयरों में जबर्दस्त कारोबार से उत्साहित देश के शेयर बाजारों ने मंगलवार को जोरदार छलांग लगाई। इस दौरान सेंसेक्स 301 और निफ्टी 80 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुए।
मुंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' आज 301.08 अंक अर्थात 1.96 प्रतिशत की बढ़त के साथ 15,696.90 पर बंद हुआ।
उधर, राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' भी 80.50 अंक अर्थात 1.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,653 पर बंद हुआ।
इस दौरान बीसएई का मिडकैप 100.46 अंक अर्थात 1.59 प्रतिशत की तेजी दर्शाते हुए 6,400.18 पर और स्मॉलकैप 112.19 अंक अर्थात 1.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 7,781.30 पर बंद हुआ।
बीएसई में आज कुल 2,764 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें से 1,802 कंपनियों के शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि 882 कंपनियों के शेयरों को नुकसान झेलना पड़ा। कुल 80 कंपनियों के शेयर ऐसे रहे जिनमें नफा-नुकसान नहीं हुआ।
आज के कारोबार में सेंसेक्स के सर्वाधिक बढ़त वाले एचडीएफसी के शेयर 5.99 प्रतिशत बढ़त के साथ 2,298.05 पर, मारुति सुजूकी के शेयर 5.22 प्रतिशत बढ़त के साथ 755.60 पर, एचडीएफसी बैंक के शेयर 4.87 प्रतिशत बढ़त के साथ 1,207.55 पर और ओएनजीसी के शेयर 4.77 प्रतिशत बढ़त के साथ 884.45 पर बंद हुए।
उधर, सेंसेक्स के सर्वाधिक नुकसान वाले रिलायंस कम्यूनिकेशंस के शेयर 0.92 प्रतिशत नुकसान के साथ 530.20 पर, सत्यम कंप्यूटर्स के शेयर 0.85 प्रतिशत नुकसान के साथ 484.30 पर, भारती एयरटेल के शेयर 0.71 प्रतिशत नुकसान के साथ 833.65 पर और ग्रेसिम इंडस्ट्रीज के शेयर 0.25 प्रतिशत नुकसान के साथ 2,177.25 पर बंद हुए।
एनएसई में आज 10,974.53 करोड़ रुपये का नकद कारोबार हुआ, जबकि 42,624.38 करोड़ रुपये का फ्यूचर एंड आप्शंस (एफएंडओ) कारोबार हुआ। बीएसई में कुल 5,313.15 करोड़ रुपये का नकद कारोबार हुआ।
इससे पहले आज सुबह सेंसेक्स 7.46 अंकों के मामूली नुकसान के साथ 15,388.36 पर और निफ्टी बिना किसी बदलाव के 4,572.50 पर खुला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications