दिल्ली में मिला पद्मप्रिया का शव
दिल्ली पुलिस की उपायुक्त (पश्चिमी दिल्ली) शालिनी सिंह ने बताया कि पद्मप्रिया का शव दक्षिणी पश्चिमी दिल्ली के द्वारका इलाके में स्थित शमा अपार्टमेंट में पंखे से लटका हुआ पाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया।
सिंह ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस ने संदेह व्यक्त किया है कि पद्मप्रिया ने आत्महत्या की थी।
उधर, बंगलौर में कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक के. आर. श्रीनिवासन ने कहा कि 35 वर्षीय पद्मप्रिया ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। उनकी पुलिस टीम ने उसके शव को दिल्ली द्वारिका इलाके में स्थित एक फ्लैट से बरामद किया है।
सूत्रों का कहना है कि भट्ट इससे पहले दिल्ली पहुंची थी।
ज्ञात हो कि पद्मप्रिया 10 जून को उडूपी से 30 किलोमीटर दूर स्थित अपने मायके के लिए रवाना हुई थी लेकिन अब तक उसकी कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी।
विधायक की पत्नी जिस कार से मायके के लिए रवाना हुई थी वह उडूपी के निकट कुंजारगिरी से बरामद हुई थी। कार से एक सिम कार्ड और टूटी हुई चूड़ियां बरामद हुई थी।
उल्लेखनीय है कि के. रघुपति भट दूसरी बार विधायक बने हैं। उनकी पत्नी पद्मप्रिया गृहिणी थी। उनके दो बच्चे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।