छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए बसपा ने की 50 उम्मीदवारों की घोषणा
रायपुर, 16 जून (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ मेंआगामी विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने सोमवार को 50 उम्मीदवारों के नामों की पहली सूची जारी कर दी है लेकिन इस सूची में एक भी मुस्लिम का नाम नहीं है।
बसपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष दाऊराम रत्नाकर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जुलाई के अंत तक उम्मीदवारों की दूसरी सूची भी जारी कर दी जाएगी। राज्य में नवंबर महीने के अंत तक विधानसभा के चुनाव होना हैं।
पार्टी की ओर से जारी पहली सूची में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से 18 लोगों को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि सामान्य वर्ग से 16 उम्मीदवार हैं, जिनमें चार ब्राह्मण और चार ठाकुर हैं। पार्टी ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग से आठ-आठ लोगों को उम्मीदवार बनाया है।
रत्नाकर ने कहा कि यदि चुनाव जीतने की क्षमता रखने वाले कोई मुस्लिम उम्मीदवार मिलते हैं तो पार्टी उन्हें जरूर टिकट देगी। पार्टी को अभी शेष 40 उम्मीदवारों की सूची जारी करनी है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में वर्ष 2003 में हुए विधानसभा चुनाव में बसपा को दो सीटें प्राप्त हुई थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications