ओबामा के हैं कई भारतीय समर्थक
नई दिल्ली, 16 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेट पार्टी के उम्मीदवार बराक ओबामा को विश्व के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले भारतीय नागरिकों ने समर्थन देने की इच्छा जहिर की है।
अमेरिका में भी भारतीय मूल के लोगों के बीच ओबामा की लोकप्रियता शिखर पर है। अमेरिकी शहर बोस्टन के एक वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल मदान ने कहा, "ओबामा हमें पसंद हैं। हमें आशा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में बड़े बदलाव सामने आएंगे। हमें आशा है कि वह अमेरिका के अगले राष्ट्रपति बनेंगे। "
शिकागो में प्रबंधन प्रशिक्षक विवेक सिंघल ने कहा, "ओबामा को देखकर मुझे काफी खुशी होती है। हमें आशा है कि राष्ट्रपति की कुर्सी पर बैठने के बाद वे कई मुद्दों पर बदलाव करेंगे।" लंदन में रहने वाले नवल केशवन ने कहा, "मैं शुरू से ही ओबामा का समर्थन कर रहा हूं। राष्ट्रपति पद की दौड़ में उन्हें आगे देखकर मुझे खुशी होती है।"
केन्या में रहने वाले भारतीय तो ओबामा के सबसे अधिक दीवाने हैं। केन्या में एक समाचार चैनल में एंकर का काम कर रही स्मृति विद्यार्थी ने कहा, "मुझे आशा है कि वे अमेरिका के अगले राष्ट्रपति होंगे। मैं उन्हें एक महान नेता के तौर पर देखती हूं, जिनके पास अमेरिका के लिए नई नीतियां हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications