जुआरी और सट्टेबाज हैं हांगकांग के एक तिहाई माता-पिता
हांगकांग , 16 जून (आईएएनएस)। एक ताजा सर्वेक्षण में पाया गया है कि हांगकांग के एक तिहाई माता-पिता घुड़दौड़ और फुटबाल की प्रतियोगिता में सट्टा लगाने और जुआ खेलने के आदी हैं।
शैक्षणिक समूह 'एजूकेशन कनवर्जेस' द्वारा कराए गए इस सर्वेक्षण में यह भी पाया गया है कि 864 में से कुल दो तिहाई माता पिता यह मानते हैं कि हांगकांग में सट्टेबाजी की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है।
समाचार एजेंसी 'डीपीए' के मुताबिक हांगकांग के आधे से अधिक माता पिता को इस बात की चिंता रहती है कि कहीं उनके बच्चे भी सट्टेबाजी के आदी न हो जाएं।
मई में हुए इस सर्वेक्षण में उन 864 माता पिता को शामिल किया गया था जो बच्चों को घर पर छोड़कर क्लबों में सट्टा और जुआ खेलने की लत के शिकार हैं।
एजूकेशन कनवर्जेस के उपाध्यक्ष हो हान-केन हांगकांग में सट्टेबाजी की बढ़ती प्रवृत्ति के लिए कानूनी रूप से वैध यहां के एकमात्र सटोरिए 'हांगकांग जॉकी क्लब' के भव्य विज्ञापन को जिम्मेदार ठहराते हैं।
हो ने साउथ चाईना मॉर्निग पोस्ट से कहा, "जॉकी क्लब घुड़सवारी को एक लोकप्रिय खेल की तरह महिमामंडित करता रहा है।"
हांगकांग में सट्टेबाजी का कारोबार बहुत बड़ा है और दिनोदिन इसका विस्तार हो रहा है। घुड़सवारी और फुटबाल के खेल में सट्टेबाजी एवं लाटरी से जॉकी क्लब को पिछले वर्ष 12.82 अरब डालर की आमदनी हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications