बिहार विधान परिषद में हुई नियुक्तियों की जांच करेगा निगरानी विभाग
पटना, 16 जून (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद में प्रोफेसर जाबिर हुसैन के सभापतित्व काल के दौरान 70 नियुक्तियों में हुई कथित गड़बड़ी की जांच अब प्रदेश का निगरानी विभाग करेगा।
परिषद के मौजूदा कार्यकारी सभापति प्रोफेसर अरुण कुमार ने इस मामले की जांच निगरानी विभाग से कराने के आदेश दिए हैं। इस संबंध में विधान परिषद सचिवालय ने निगरानी विभाग को एक पत्र भी लिखा है।
निगरानी विभाग के अपर महानिदेशक नीलमणि ने सोमवार को इसकी पुष्टि करते हुए आईएएनएस से कहा कि निगरानी विभाग को अब आगे की कार्यवाही के लिए सरकार के अगले आदेश का इंतजार है।
जांच तत्काल शुरू करने के लिए निगरानी विभाग ने मुकदमा स्थानांतरित करने की बात कही है। साथ ही विभाग ने सचिवालय थाना से प्राथमिकी की प्रति मांगी है।
उल्लेखनीय है कि यह मामला अवैध नियुक्तियों का है और सचिवालय थाना में प्रो. हुसैन और तत्कालीन सचिव कपिलदेव प्रसाद के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा 7 एवं 13 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
समझा जा रहा है कि निगरानी विभाग की जांच के दौरान कई अन्य लोग इसकी चपेट में आएंगे। फिलहाल प्रो. हुसैन राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications