विदेशी कंपनी से भाजपा को चन्दा मिलने के मामले पर राजनीति गरमाई (लीड-1)
भोपाल, 16 जून (आईएएनएस)। भोपाल गैस त्रासदी के लिए जिम्मेदार यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री को अधिग्रहित करने वाली अमेरिकी कम्पनी डाव केमिकल्स से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चन्दा लिए जाने के मामले को लेकर मध्यप्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस जहां इस मसले पर भाजपा की मान्यता और चुनाव चिन्ह निरस्त करने की मांग कर रही है, वहीं भाजपा इस मांग को कांग्रेस की हताशा का परिचायक करार दे रही है।
विधानसभा में प्रतिपक्ष की नेता जमुना देवी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर भाजपा पर विदेशी अनुदान नियमन अधिनियम 1976 का उल्लघंन करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि इस अधिनियम में स्पष्ट उल्लेख है कि कोई भी ऐसा राजनैतिक दल विदेशी चन्दा प्राप्त नहीं कर सकता जो चुनाव चिन्ह आदेश 1968 के अन्तर्गत भारत निर्वाचन आयोग में पंजीकृत है। भाजपा ने इस नियम का उल्लंघन करते हुए डाव केमिकल्स से बतौर चन्दा एक लाख रुपए लिए हैं।
अमेरिकी कम्पनी डाव केमिकल्स वह कंपनी है जिसने यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री का अधिग्रहण किया है। जमुना देवी के अनुसार भाजपा के विदेशी कम्पनी से चन्दा लेने की अधिकृत जानकारी उन्हें मुख्य चुनाव आयोग से सूचना के अधिकार के तहत मिली है। उन्होंने कहा कि 23 साल पहले जिस यूनियन कार्बाइड के कारखाने से जहरीली गैस रिसने से हजारों लोगों की जानें चली गई थीं और लाखों लोग आज भी अपाहिजों की तरह जी रहे हैं, उस कंपनी के संचालकों से चंदा लेना वैसे भी अपने आप में अनैतिक है।
उधर, इस मामले में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उमाशंकर गुप्ता ने कांग्रेस की मांग को बेतुका करार दिया है। उनका कहना हैं कि प्रतिपक्ष की नेता हताशा के चलते इस तरह के आरोप लगा रही हैं। गुप्ता के अनुसार भाजपा ने चन्दा लेने की बात न केवल स्वीकारी है बल्कि चुनाव आयोग को भी इससे अवगत कराया है। गुप्ता ने जानना चाहा कि इस मामले में दिल्ली में बैठे कांग्रेस के केंद्रीय नेता चुप क्यों हैं। उनका कहना है कि डाव केमिकल्स की पैरवी तो केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ से लेकर पी़ चिदंबरम तक कर चुके हैं। गुप्त ने कहा कि चूंकि कांग्रेस के पास कहने के लिए कुछ नहीं है इसलिए उसके नेता इस तरह के मुद्दे उठाकर सनसनी फैलाना चाहते हैं।
इस चन्दा प्रकरण से गरमाई प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी भी अपने हाथ सेंकने के लिए मैदान में उतर आई हैं। वे भी धरना प्रदर्शन और पुतला दहन के आयोजन कर रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications