विधायक की पत्नी के शव का पोस्टमार्टम कराएगी पुलिस
नई दिल्ली, 16 जून (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने कर्नाटक के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक रघुपति भट्ट की पत्नी पद्मप्रिया के शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राजधानी के द्वारका सेक्टर-10 में स्थित एक मकान से रविवार को पद्मप्रिया का शव पंखे से लटका हुआ पाया गया था। पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है लेकिन अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं किया जा सका है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस बात का खुलासा हो पाएगा कि यह मामला आत्महत्या का है या नहीं।
उल्लेखनीय है कि कर्नाटक पुलिस ने बीते शुक्रवार को ही उडुपि के निकट स्थित कुंजारगिरी से उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की थी।
पद्मप्रिया के दिल्ली में होने की सूचना मिलते ही राज्य पुलिस का दो सदस्यीय दल रविवार को राजधानी पहुंचा था और दिल्ली पुलिस की सहायता से उन तक पहुंचने की कोशिश कर रहा था लेकिन पुलिस दल के मौके पर पहुंचने से पहले ही वह आत्महत्या कर चुकी थी।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम व अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications