परमाणु समझौते को लेकर भाजपा ने की वाम दलों की खिंचाई
नई दिल्ली, 15 जून (आईएएनएस)। परमाणु समझौते को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) द्वारा दिए गए बयान की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आलोचना की है लेकिन उसने इस समझौते पर मुहर लगाने से इंकार कर दिया है। भाकपा ने कहा था कि परमाणु समझौता भारत को चीन के खिलाफ अमेरिकी अड्डा बना देगा।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिह ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भाकपा चीन के प्रति कुछ ज्यादा ही उत्साहित है। लगता है कि वह यह भूल गई है कि वह चीन की नहीं भारतीय राजनीतिक पार्टी है।
भाकपा महासचिव ए. बी. बर्धन ने शनिवार को क्यूबा के क्रांतिकारी चे जेवेरा के 80वें जन्म दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में यह बात कही थी।
सिंह ने कहा कि जब से परमाणु समझौते का मुद्दा उठा है तब से वाम दल यह दिखाने में लगे हैं कि वे राष्ट्रीय हित के बजाय चीनी हितों की रक्षा के लिए चिंतित हैं।
यद्यपि भाजपा वर्तमान स्वरूप में भारत-अमेरिका परमाणु समझौता का विरोध करती रही है।
केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार को आड़े हाथों लेते हुए राजनाथ ने कहा कि यह सरकार मीडिया और शब्दों के माध्यम से आपस में ही लड़ती रहती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications