आरुषि हत्याकांड: नूपुर तलवार की गिरफ्तारी संबंधी खबरें अफवाह : सीबीआई
नई दिल्ली, 16 जूनः केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आरुषि हत्याकांड में नूपुर तलवार की गिरफ्तारी के संबंध में आई खबरों को अफवाह बताया है। सीबीआई ने कहा है कि अभी तक नूपुर की गिरफ्तारी का कोई आधार नहीं मिला है।
सीबीआई के संयुक्त निदेशक अरुण कुमार के नेतृत्व में गठित सीबीआई की टीम नोएडा के इस बहुचर्चित हत्याकांड की जांच कर रही है। कुमार ने कहा, "मीडिया में इस प्रकार की खबरें आ रही है कि नूपुर तलवार की गिरफ्तारी होने वाली है। इस खबर में कोई तथ्य नहीं है क्योंकि नूपुर की गिरफ्तारी का कोई आधार ही नहीं है।"
ज्ञात हो कि नूपुर तलवार को शुक्रवार को लाई डिटेक्टर टेस्ट से गुजराना पड़ा था जबकि 7 जून को उनका मनौवैज्ञानिक परीक्षण हुआ था। कुमार ने कहा कि छानबीन अभी भी जारी है। आज तलवार के नोएडा के जलवायु विहार स्थित मकान के गैरेज की तलाशी ली गई। इसके अलावा विजय मंडल नामक एक नौकर से भी पूछताछ की गई।
राजेश तलवार के मित्र अनिता और प्रफुल दुर्रानी के साथ काम करने वाले राजकुमार का भी आज पोलीग्राफ टेस्ट कराया गया। दुर्रानी दंपति भी पेशे से दांतों के डाक्टर हैं और उनका तलवार परिवार से संबंध रहा है।
उल्लेखनीय है कि 14 मई को आरुषि का शव नोएडा स्थित उसके मकान से बरामद हुआ था। पुलिस ने 16 मई को तलवार परिवार के नौकर हेमराज को आरुषि की हत्या का आरोपी ठहराया था। लेकिन उसके अगले ही दिन हेमराज का शव उसी मकान में मिल जाने से मामले की गुत्थी उलझ गई थी जो अभी तक अनसुलझी पहेली बनी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications