भाजपा ने लिया था डाव केमिकल्स से चन्दा, निरस्त हो उसकी मान्यता : कांग्रेस
भोपाल, 16 जून (आईएएनएस)। भोपाल गैस त्रासदी के लिए जिम्मेदार यूनियन कार्बाइड को अधिग्रहित करने वाली अमेरिकी कम्पनी डाव केमिकल्स से चन्दा लेने के मामले मे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बुरी तरह फंस गई है। इस मामले में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर भाजपा का पंजीयन और चुनाव चिन्ह निरस्त करने की मांग की है।
मध्यप्रदेश विधानसभा में प्रतिपक्ष की नेता जमुना देवी ने चुनाव आयोग को लिखे पत्र में कहा है कि भाजपा ने डाव केमिकल्स से चंदा लेकर विदेशी अनुदान नियमन अधिनियम 1976 का उल्लंघन किया हैं। इस नियम के मुताबिक कोई भी ऐसा राजनैतिक दल विदेशी चन्दा प्राप्त नहीं कर सकता जो भारतीय निर्वाचन आयोग में पंजीकृत हैं। भाजपा ने इस नियम का उल्लघंन करते हुए डाव केमिकल्स से चन्दा लिया है।
जमुना देवी के अनुसार भाजपा के विदेशी कम्पनी से चन्दा लेने की अधिकृत जानकारी उन्हें मुख्य चुनाव आयोग से सूचना के अधिकार के तहत मिली है। उन्होंने कहा कि 23 साल पहले जिस यूनियन कार्बाइड के कारखाने से जहरीली गैस रिसने से हजारों लोगों की जानें चली गई थी और लाखों लोग आज भी अपाहिजों की तरह जी रहे हैं, उस कंपनी के संचालकों से चंदा लेना वैसे भी अपने आप में अनैतिक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications