भाजपा ने की माया से इस्तीफे की मांग
लखनऊ, 16 जून (आईएएनएस)। भाजपा ने आज मुख्यमंत्री मायावती के त्यागपत्र की मांग की और कहा कि थानों के बिकने की बात स्वीकार करने वाली माया इसके बावजूद अगर कोई कार्रवाई नहीं कर सकती तो उन्हें तत्काल पद छोड़ देना चाहिए।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रवक्ता हृदय नारायण दीक्षित ने आज कहा कि जब मुख्यमंत्री ने स्वयं स्वीकार किया है उत्तरप्रदेश में थाने बिक रहे हैं तो फिर थाना बेचने वाले कप्तानों और खरीदने वाले थानाध्यक्षों पर कोई कार्रवाई न किये जाने का कारण क्या है।
उन्होंने कहा कि थानों का बिकना असाधारण अपराध है। यह पुलिस अधिनियम, पुलिस रेगुलेशन और दण्ड प्रक्रिया संहिता का उल्लंघन है। बावजूद इसके अब तक कोई कार्रवाई न किया जाना आश्चर्य का विषय है।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री ने सिर्फ सूचना देने का काम किया है कि थाने बिकते हैं। अगर यह बात सच है और सरकार कोई कार्रवाई करने में असहाय हैं तो सरकार को त्याग पत्र देकर हट जाना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications