समाधान की ओर बढ़ा गुर्जर आरक्षण विवाद
जयपुर, 16 जून (आईएएनएस)। अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में शामिल किए जाने की गुर्जरों की मांग पर राजस्थान सरकार के साथ चल रही बातचीत अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है।
गुर्जर आंदोलन का नेतृत्व कर रहे कर्नल के. एस. बैंसला भी आज की वार्ता में शरीक हुए। उम्मीद की जा रही है कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मंगलवार को होने वाली अंतिम दौर की प्रस्तावित बातचीत में हिस्सा लेंगी।
गुर्जर नेताओं के 31 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल और राजस्थान सरकार की ओर से नौ सदस्यीय प्रतिनिधमंडल के बीच आज चौथे दौर की वार्ता हुई।
राजस्थान सरकार की ओर से वार्ता के लिए गठित प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रामदास अग्रवाल ने कहा, "निर्णायक दौर की वार्ता मंगलवार को होगी जिसमें मुख्यमंत्री के भी शामिल होने की संभावना है। आज की बातचीत में सकारात्मक प्रगति हुई है।"
संवाददाता सम्मेलन के दौरान कर्नल बैंसला ने कहा, "मै बातचीत से पूरी तरह संतुष्ट हूं।"
बैंसला से जब यह पूछा गया कि गुर्जर आरक्षण विवाद का समाधान क्या निकलेगा तो उन्होंने कहा, "कल तक इंतजार कीजिए।"
हालांकि दोनों पक्षों ने बातचीत से जुड़ी विस्तृत जानकारी देने से इंकार कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक गुर्जरों को घुमंतू समुदाय के साथ शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी नौकरियों में विशेष आरक्षण दिए जाने की पेशकश की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications