बुश बतौर राष्ट्रपति यूरोप के अंतिम दौरे पर
लंदन, 15 जून (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति जार्ज बुश यूरोप की अपनी सरकारी यात्रा के क्रम में आज लंदन पहुंचे। राष्ट्रपति के रूप में यह उनकी अंतिम यूरोप यात्रा है।
यात्रा के क्रम में बुश ब्रिटिश नेताओं के साथ विभिन्न मुद्दों पर बातचीत करेंगे।
ब्रिटिश सुरक्षा एजेंसी स्काटलैंड यार्ड ने बुश की यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
संभावना जताई जा रही है कि युद्ध विरोधी प्रदर्शनकारी बुश और उनकी पत्नी की ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के साथ आयोजित दोपहर के बाद की चायपार्टी के दौरान महल के बाहर प्रदर्शन कर सकते हैं। बुश की यात्रा के क्रम में ब्रिटिश संसद के बाहर भी प्रदर्शन की संभावना है।
अमेरिकी राष्ट्रपति बाद में ब्रिटिश प्रधानमंत्री गार्डन ब्राउन व उनकी पत्नी सराह के साथ रात्रि भोज में भी भाग लेंगे।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री गार्डन ब्राउन के साथ बुश की राजनैतिक मसलों पर बातचीत सेामवार को होगी। इराक युद्ध के अतिरिक्त तेल व खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर भी बैठक के दौरान विचार किए जाने की संभावना है।
ब्राउन के साथ बैठक के बाद बुश मध्यपूर्व मामलों के विशेष दूत टोनी ब्लेयर के साथ भी बातचीत कर सकते हैं।
बुश ब्राउन के साथ उत्तर आयरलैंड की राजधानी बेलफास्ट भी जाएंगे जहां दोनों की मुलाकात वहां के प्रथम मंत्री व उप प्रथम मंत्री से होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications