राजधानी में मानसून की दस्तक, 108 वर्षो का रिकार्ड टूटा (लीड-1)
नई दिल्ली, 15 जून (आईएएनएस)। देश के किसानों की जीवन रेखा समझे जाने वाले दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार को दिल्ली में निर्धारित समय से दो हफ्ते पहले दस्तक दे दी।
पिछले 108 वर्षो के रिकार्ड को तोड़ते हुए रविवार की सुबह राजधानी के कई इलाकों में तेज और कहीं-कहीं हल्की मानूसनी बारिश हुई। मानसून पड़ोसी राज्य हरियाणा और पंजाब तक पहुंच गया है।
मौसम विभाग ने आज दोपहर 2.30 बजे तक राजधानी में 29.6 मीमी बारिश रिकार्ड किया। पिछले वर्ष राजधानी में मानसून 28 जून और सन 1998 में यह 16 जून को प्रवेश किया था। दिल्ली में मानसून के प्रवेश की समान्य तारीख 29 जून है।
भारतीय मौसम विभाग के निदेशक एफ.सी. भान ने आईएएनएस को बताया, "मानसून राष्ट्रीय राजधानी पहुंच चुका है।"
मौसम विभाग के मुताबिक सन 1901 में 15 जून को मानसून राजधानी पहुंचा था।
विभाग के अन्य निदेशक बी. पी. यादव ने कहा, "मानसून ने 108 वर्षो का रिकार्ड तोड़ दिया है।"
भान ने कहा, "यह निश्चित तौर पर अच्छी खबर है। अनुमान के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के करीब-करीब सभी हिस्सों में सामान्य है। इस बार सामान्य बारिश की संभावना है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications