राजधानी में समय से पहले मानसून की दस्तक, झमाझम बारिश से खुशगवार हुआ मौसम
नई दिल्ली, 15 जून (आईएएनएस)। देश के किसानों की जीवन रेखा समझे जाने वाले दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार को दिल्ली में निर्धारित समय से दो हफ्ते पहले ही दस्तक दे दी।
दस वर्षो में ऐसा पहली बार हुआ है, जब मानसून ने समय से पहले राजधानीवासियों को राहत पहुंचाई। भारतीय मौसम विभाग के निदेशक एफ.सी. भान ने बताया कि मानसून राष्ट्रीय राजधानी पहुंच चुका है। वर्ष 1998 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है।
श्री भान ने बताया ,"यह निश्चित तौर पर अच्छी खबर है। अनुमान के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून का भारत के करीब-करीब सभी हिस्सों में आगमन हो चुका है। इस बार सामान्य बारिश होने की संभावना है।"
पिछले वर्ष मानसून 28 जून को दिल्ली पहुंचा था, जबकि 1998 में मानसून का पदार्पण 16 जून को ही हो गया था। इस वर्ष इसके 29 जून तक दिल्ली पहुंचने की संभावना थी।
राजधानी में आज सुबह से ही बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, मौसम में कुछ खास बदलाव आने की संभावना नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications