इलेक्ट्रानिक दोपहिया वाहनों की मांग वृद्धि

कंपनियों का कहना है कि ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ेगी क्योंकि ये वाहन पेट्रोलियम से चलने वाले वाहनों की तुलना में बहुत किफायती होते हैं।
'यूके अल्ट्रा मोटर कारपोरेशन' की नई दिल्ली स्थित अनुषंगी कंपनी 'अल्ट्रा मोटर इंडिया' ने उम्मीद जताई है कि चालू वित्त वर्ष के दौरान देश में इलेक्ट्रानिक दोपहिया वाहनों की बिक्री पिछले वित्त वर्ष की तुलना में लगभग दोगुना होकर 240,000 तक पहुंच जाएगी। वित्त वर्ष 2006-07 के दौरान 170,000 दोपहिया वाहन बिके थे।
अल्ट्रा मोटर इंडिया के विपणन निदेशक देबा घोषाल ने कहा, "हमने चालू वित्त वर्ष के लिए 60,000 वाहनों की बिक्री का लक्ष्य रखा है।"
उधर, 'ट्यूब इंवेस्टमेंट्स इंडिया लिमिटेड' (टीआई) ने घोषणा की है कि वह अपने लोकप्रिय साइकिल ब्रांड बीएसए के तहत नया इलेक्ट्रानिक दोपहिया वाहन बाजार में उतारेगी। कंपनी का कहना है कि इसके लिए वह तमिलनाडु के अंबात्तुर में 20 करोड़ रुपये का संयंत्र स्थापित कर रही है।
टीआई साइकिल्स के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरुण अलागप्पन ने आईएएनएस से कहा कि नए संयंत्र से इस वर्ष सितंबर तक उत्पादन शुरू हो जाएगा जहां से हर महीने 4,000-5,000 वाहनों का उत्पादन होगा। उन्होंने बताया कि इन वाहनों की कीमत 23,000 रुपये से 36,000 रुपये के बीच रखी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications