लादेन को पकड़ने के लिए बुश की कोशिश

'संडे टाईम्स' के मुताबिक, बतौर राष्ट्रपति ब्रिटेन का अंतिम दौरा कर रहे राष्ट्रपति बुश ने ब्रिटेन और पाकिस्तान के सुरक्षा बलों के साथ मिलकर लादेन की नए सिरे से खोज शुरू कर दी है। बुश इस संबंध में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गोर्डन ब्राउन से मुलाकात करेंगे और चर्चा करेंगे।
संडे टाईम्स ने अमेरिकी खुफिया विभाग के एक सूत्र के हवाले से लिखा है, "बुश यदि कहते हैं कि हमने सद्दाम हुसैन को मार डाला और बिन लादेन को पकड़ लिया तो वे इसके साथ ही यह दावा भी कर सकते हैं कि उन्होंने विश्व को सुरक्षित हाथों में छोड़ दिया है।"
अखबार के मुताबिक लादेन उत्तरी पश्चिमी पाकिस्तान के बाजौर जनजातीय इलाके में छुपा हो सकता है। ज्ञात हो कि लादेन अमेरिका में हुए 9/11 आतंकवादी हमले का सूत्रधार है।
पेंटागन के एक सूत्र के हवाले से अखबार ने कहा है कि अफगानिस्तान में तैनात अमेरिकी सैनिकों को मुस्तैद कर दिया गया है। ये सैनिक एक बड़ी लड़ाई के लिए तैयार हो रहे हैं क्योंकि पाकिस्तान में तैनात अमेरिकी सेना धीरे-धीरे लादेन को अफगान सीमा रेखा की ओर धकेलने को मजबूर करने का प्रयास करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications