इलाहाबाद में जमीन फटने से हावड़ा-दिल्ली रेलमार्ग को खतरा
इलाहाबाद, 15 जून (आईएएनएस)। इलाहाबाद के ग्रामीण इलाकों में जमीन फटने से ग्रामीण दहशत में हैं। इसके आलावा पास ही से गुजर रहे हावड़ा-दिल्ली रेलमार्ग पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। जिला प्रशासन की तरफ से इस बाबत भूगर्भ जल विभाग और रेल प्रशासन को पत्र भेज दिया गया है।
इलाहाबाद जिले के मेजा तहसील के कठौला, सहमन और भटौती गांवों में कई जगह जमीन फटने की घटनाएं सामने आई हैं। कठौली में हावड़ा-दिल्ली रेलमार्ग से मात्र 100 मीटर की दूरी पर कई जगह चार से पांच फिट चौड़ी दरार पड़ गई है, जिससे इस रेलमार्ग पर सुरक्षा के बादल मंडराने लगे हैं।
मेजा के उप जिलाधिकारी ने पीड़ित गांवों का दौरा किया और ग्रामीणों को हिदायत दी कि वे खुद और अपने पशुओं को उन जगहों पर लेकर ना जाएं जहां जमीन फटने की घटनाएं हुई हैं।
उप जिलाधिकारी आर.डी.राम ने आईएएनएस को बताया कि प्रशासन को आशंका है कि गिरते भू-जल स्तर की वजह से जमीन फटने की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इसकी वजह पता करने के लिए प्रशासन ने भू-गर्भ जल विभाग को पत्र भेज दिया है। इसके अलावा रेलमार्ग की सुरक्षा के मद्देनजर रेल प्रशासन को भी पत्र भेजे जाने की बात उन्होंने स्वीकार की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications