जोसेफ को मछली पकड़ने के रोमांच ने जेल भिजवाया
रामेश्वरम, 15 जून (आईएएनएस)। बड़े भाई के साथ समुद्र में मछली पकड़ने का रोमांच 16 वर्षीय स्कूली छात्र जोसेफ को इतना महंगा पड़ जाएगा, उसने सपने में भी नहीं सोचा था।
सोलह वर्षीय जोसेफ अपने बड़े भाई के साथ लगभग 14 दिनों से श्रीलंका के अनुराधापुरम की एक जेल में बंद है। उसे श्रीलंकाई नौ सेना ने हिरासत में लिया था। पिछले मई महीने की 26 तारीख को श्रीलंकाई नौ सेना ने जिन 23 भारतीय मछुआरों को दोनों देशों की अंतर्राष्ट्रीय जल सीमा पार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, उसमें जोसेफ भी था।
इन मछुआरों पर 'ब्लैक पाउडर' की तस्करी का आरोप लगाया गया था।
आर्गनाइजेशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ इंडियन राइट्स एब्राड (ओपिरा) के मुताबिक पकड़े गए भारतीय मछुआरों को आंखों पर पट्टी बांधकर एक द्वीप पर ले जाया गया और प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं बंदूक की नोंक पर उनसे पूछताछ की गई।
ओपिरा ने इस मामले में तमिलनाडु के राज्यपाल सुरजीत सिंह बरनाला से हस्तक्षेप की अपील की है।
इन 23 मछुआरों में से 18 को अदालत ने रिहा कर दिया है। गत चार जून को भारत लौटने के बाद इन मछुआरों ने श्रीलंकाई सैनिकों के व्यवहार संबंधी शिकायतें तमिलनाडु के मानवाधिकार संगठनों से की है। गिरफ्तार किए मछुआरों में जो 25 वर्ष से कम उम्र के थे, उन्हें नहीं छोड़ा गया।
ओपिरा के निदेशक अग्नि सुब्रमण्यम ने आईएएनएस को बताया कि जोसेफ अभी 16 वर्ष का है। इसलिए उसके साथ बच्चों से संबंधित अंतर्राष्ट्रीय मानदंडों के मुताबिक व्यवहार करना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications