उत्तरप्रदेश में कार पर पेड़ गिरने से मां-बेटी की मौत
सुल्तानपुर, 15 जून (आईएएनएस)। शहर में आज हुई मूसलाधार बारिश के दौरान सुल्तानपुर-जौनपुर मार्ग पर मारुति कार के ऊपर एक पेड़ गिर गया, जिससे कार में सवार मां-बेटी की मौत हो गई। इस दौरान कार में सवार अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुल्तानपुर के चांदा थाना के प्रभारी कृष्ण कुमार शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि यहां का एक परिवार मारुति कार से जौनपुर में होने वाले किसी कार्यक्रम में शिरकत करने जा रहा था। जैसे ही कार सुल्तानपुर-जौनपुर रोड पर चांदा कस्बे के निकट पहुंची, उसी समय महुए का एक पेड़ कार पर गिर गया।
शर्मा के मुताबिक पेड़ के गिरने से कार में सवार विद्या सिंह और उनकी पांच वर्षीय बेटी खुशी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार में सवार अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को सुल्तानपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications