दिल्ली में और चीजें भी हो सकती हैं सस्ती
नई दिल्ली, 15 जून (आईएएनएस)। रसोई गैस की कीमतों में 40 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती के बाद दिल्ली सरकार और वस्तुओं की कीमतों में कटौती करने के संबंध में भी विचार कर रही है। सरकार सोमवार को इस संबंध में घोषणा कर सकती है।
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के अनुसार राज्य मंत्रिमंडल की सोमवार को आयोजित बैठक में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों से संबंधित उस नीति की समीक्षा की जाएगी जो वर्ष 1998 में कांग्रेस के सत्तासीन होने के बाद से ही अस्तित्व में है।
राजनीतिक पंडित राज्य में इसे नवंबर -दिसंबर के दौरान होने वाले विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देख रहे हैं।
एक सरकारी अधिकारी ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि सोमवार को होने वाली राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में कीमतों के अतिरिक्त अन्य मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा। उनके मुताबिक आम जनता को बढ़ रही महंगाई से राहत देने के लिए सरकार कुछेक उपायों की घोषणा कर सकती है।
केंद्र सरकार द्वारा ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली सरकार ने सबसे पहले पेट्रोलियम पदार्थो पर जारी ब्रिकी करों में कटौती की घोषणा की थी।
राज्य सरकार द्वारा रसोई गैस पर बिक्री कर में कटौती के बाद इसकी कीमत 344.75 से घटकर 304.75 रुपये प्रति सिलेंडर रह गई है। केंद्र सरकार द्वारा चार जून को ईंधन की कीमतों में की गई बढ़ोतरी से पहले दिल्ली में रसोई गैस की कीमत 294.75 रुपये प्रति सिलेंडर थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications