नैनो को बाजार में उतारने की तैयारी जोरों पर
सिंगुर, 15 जून (आईएएनएस)। टाटा मोटर्स पश्चिम बंगाल के सिंगुर स्थित अपने नए संयंत्र से दुनिया की सबसे सस्ती कार नैनो को बाजार में उतारने की पुरजोर तैयारी कर रही है। लेकिन कंपनी को यह आशंका भी सता रही है कि उसके इस काम में तृणमूल कांग्रेस रोड़े अटका सकती है।
टाटा मोटर्स के प्रवक्ता ने आईएएनएस से कहा कि कंपनी ने पुणे से इंजीनियरों को बुलवाया है ताकि सिंगुर संयंत्र में पेशेवरों की जरूरत पूरी की जा सके। आटोमोबाइल क्षेत्र की देश की इस सबसे बड़ी कंपनी ने सिंगुर संयंत्र में एक लाख रुपये वाली चार पांच कारें भी मंगवाई हैं ताकि स्थानीय इंजीनियरों को इसके उत्पादन के लिए प्रशिक्षित किया जा सके।
उन्होंने कहा, "काम तय कार्यक्रम के अनुरूप चल रहा है। इस वर्ष अक्टूबर तक पहली कार बाजार में आ जाने की उम्मीद है।"
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की प्रमुख विपक्षी पार्टी तृणमूल कांग्रेस इस क्षेत्र में हाल ही में हुए ग्राम पंचायत चुनावों में 16 में से 15 सीटों पर कब्जा जमाने में सफल हो गई है। इस पार्टी की ओर से संयंत्र के काम में रोड़े अटकाए जाने की आशंका है।
टाटा मोटर्स के सिंगुर संयंत्र पहुंचे आईएएनएस के एक संवाददाता के अनुसार संयंत्र में काम उच्च स्तर पर चल रहा है और कर्मचारी बड़े उत्साहित और व्यस्त हैं। संयंत्र के इंजन शॉप, पेंट शॉप, एसेंबलिंग यूनिट और प्रेस शॉप लगभग तैयार हो चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
* *












Click it and Unblock the Notifications