अगस्त में नई पार्टी की घोषणा करेंगे चिरंजीवी
हैदराबाद, 15 जून (आईएएनएस)। दक्षिण के सुपर स्टार चिरंजीवी की राजनीतिक पार्टी अगस्त महीने में अस्तित्व में आएगी। माना जा रहा है कि चिरंजीवी की पार्टी के कारण आंध्रप्रदेश के मौजूदा राजनीतिक समीकरणों को एक नई दिशा मिलेगी।
चिरंजीवी के भाई और फिल्म अभिनेता व निर्माता के. नागेन्द्र बाबू ने संवाददाताओं को बताया कि चिरंजीवी खुद ही अगस्त महीने में अपने राजनीतिक दल की घोषणा करेंगे।
उन्होंने कहा, "चिरंजीवी का राजनीति में आना पहले से ही तय था। वे अगस्त महीने में इसकी घोषणा करेंगे।"
नागाबाबु के नाम से मशहुर चिरंजीवी के भाई नागेंद्र बाबू ने कहा कि समाज के कई वर्गो की तरफ से लगातार यह अपील सामने आ रही है कि चिरंजीवी को राजनीति में प्रवेश करना चाहिए।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि चिरंजीवी को निश्चित रूप से इन अपीलों की ओर ध्यान देना चाहिए।"
नागाबाबु ने कहा कि लोगों की खासकर किसानों व कामगारों की समस्याओं को हल करना पार्टी की पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने इस बात के संकेत भी दिए कि उनकी प्रस्तावित पार्टी अलग तेलंगाना राज्य का विरोध करेगी।
चिरंजीवी के राजनीति में प्रवेश की अटकलों ने पूर्व मुख्यमंत्री एन. टी. रामाराव की राजनीति में प्रवेश की याद ताजा कर दी है। रामाराव की तेलुगुदेशम पार्टी अस्तित्व में आने के नौ महीने के अंदर ही सत्ता में आ गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications