सभी लोगों को जोड़ने वाली विकास नीति आवश्यक : प्रणब
कोलकाता, 14 जून (आईएएनएस)। विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि एक ऐसी विकास नीति आवश्यक है जिसमें अधिक से अधिक आम आदमी की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। उनके मुताबिक विकास सिर्फ एक सांख्यिकीय शब्द नहीं है बल्कि इसका लाभ समाज के हर इंसान तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की 23.80 करोड़ जनता आज भी गरीबी रेखा के नीचे जीवन बसर कर रही है। इनके भोजन की न्यूनतम जरूरतें भी पूरी नहीं हो पाती है।
मर्चेच्ट्स चेम्बर ऑफ कामर्स द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुखर्जी ने कहा, "हम वैश्वीकरण की प्रक्रिया में पूर्ण रूप से भाग लेने को तैयार हैं लेकिन इसके साथ ही हमें विकास की दौड़ में पीछे छूट चुके लोगों को भी साथ लेकर चलना होगा।"
उन्होंने कहा, "मै इस बात से सहमत हूं कि इस प्रक्रिया में जब तक इन गरीबों को शामिल नहीं किया जाता तब तक विकास अधूरा रहेगा।"
तेल की कीमतों के विरोध में वामपंथी दलों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन पर पूछे जाने पर मुखर्जी ने कहा कि दाम वापस लेने का सवाल ही नहीं उठता।
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य भी सम्मिलत हुए। इस मौके पर उन्होंने केंद्र से विकास की व्यापक नीति बनाए जाने की अपील की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications