आरुषि हत्याकांड : कृष्णा सीबीआई हिरासत में, पानी टंकी की तलाशी
नोएडा, 14 जूनः नोएडा के बहुचर्चित आरुषि हत्याकांड मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आरोपी डाक्टर राजेश तलवार के कंपाउंडर कृष्णा को तीन के रिमांड पर ले लिया।
सीबीआई में हत्याकांड में प्रयुक्त हथियार को खोजने के लिए आरुषि के पिता राजेश तलवार के घर की छत पर मौजूद पानी के टंकी और पाइपलाइनों की भी तलाशी ली। साथ ही सीबीआई की एक टीम डाक्टर तलवार की सहयोगी अनिता दुर्रानी व उनके पति से पूछताछ की।
गाजियाबाद की विशेष न्यायालय ने आज सीबीआई को कृष्णा को तीन दिनों के लिए रिमांड पर लेने की अनुमति दे दी। सीबीआई ने शुक्रवार की शाम कृष्णा को इस मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया था। न्यायालय के आदेशानुसार वह अब 17 जून तक सीईबाई की हिरासत में रहेगा। कृष्णा को उसके बंगलौर में किए गए नारको व लाई डिटेक्टर टेस्ट के आधार पर सीबीआई ने गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने आरुषि हत्याकांड मामले में आज डाक्टर राजेश तलवार के आवास की ली गई तलाशी के दौरान मकान के छत पर स्थित पानी टंकी और उससे जुड़े पाईपों की सघन जांच पड़ताल की।
इसका उद्देश्य आरुषि तलवार व हेमराज की हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश थी। सीबीआई सूत्रों के अनुसार एजेंसी को जांच के दौरान इस बात के सबूत मिले हैं कि हत्या में एक मुड़े हुए छोटे चाकू यानी खुक्री का इस्तेमाल हुआ था। इससे पहले नोएडा पुलिस ने हत्या में सर्जिकल चाकू के इस्तेमाल का दावा किया था।
नोएडा के जलवायु विहार स्थित डाक्टर राजेश तलवार के आवास संख्या एल-32 में आज मामले की जांच करने पहुंची एजेंसी की टीम में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के फारेंसिक विशेषज्ञ भी शामिल थे।
आरुषि के पिता डाक्टर राजेश तलवार इस मामले में पिछले 15 मई से ही पुलिस हिरासत में हैं।
इस बीच सीबीआई की एक अन्य टीम ने आज डाक्टर तलवार की सहयोगी दंत चिकित्सक अनिता दुर्रानी के घर की तलाशी ली और उनके नौकर राज कुमार के कमरे को सील कर दिया। राज कुमार फिलहाल सीबीआई की हिरासत में है। एजेंसी ने हत्याकांड मामले में अनिता व उनके पति प्रफुल्ल दुर्रानी से अलग अलग व एक साथ पूछताछ की।
सीबीआई सूत्रों के अनुसार राज कुमार ने पूछताछ के दौरान बताया है कि आरुषि व हेमराज की हत्या में तीन लोग शामिल थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications