मुद्रा स्फीति की सकारात्मक संकेतों के बीच अमेरिकी शेयर बाजारों में तेजी
न्यूयार्क, 14 जून (आईएएनएस)। अमेरिका की ताजा मुद्रा स्फीति रिपोर्ट से सकारात्मक संकेतों के कारण यहां के शेयर बाजारों ने शुक्रवार को बढ़त के साथ सप्ताह की समाप्ति की।
इस दौरान 'डाउ जोंस' 165.77 अंक अर्थात 1.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ 12,307.35 पर, 'स्टैंडर्ड एंड पुअर्स 500' 20.16 अंक अर्थात 1.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,360.03 पर और 'नैस्डेक कंपोजिट' 50.15 अंक अर्थात 2.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,454.50 पर बंद हुआ।
गौरतलब है कि मुद्रा स्फीति की ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि पेट्रोल की कीमतें बढ़ने के बावजूद अमेरिका में उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है।
अमेरिका के श्रम मंत्रालय ने कहा कि मई में मुद्रा स्फीति की दर मात्र 0.6 प्रतिशत रही जबकि इस दौरान पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में 5.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। उधर, खाद्य वस्तुओं और ऊर्जा छोड़कर बाकी तमाम जरूरी चीजों की कीमतें मात्र 0.2 प्रतिशत की दर से बढ़ी हैं।
बताया जा रहा है कि इन नतीजों पर उन अटकलों का भी असर हुआ है जिसके मुताबिक इस महीने के अंत तक अमेरिका का केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में इजाफा करने वाला है।
इस बीच अमेरिकी डालर में मजबूती के कारण कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी कमी दर्ज की गई। शुक्रवार को अमेरिकी डालर 65.02 यूरो सेंट पर जा पहुंचा। गुरुवार को यह 64.76 यूरो सेंट के स्तर पर था।
इस दौरान एक अमेरिकी डालर 108.19 जापानी येन के स्तर पर रहा जो गुरुवार को 107.94 येन के स्तर पर था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*