कामेक्स में सोना सप्ताह के दौरान 2.9 फीसदी गिरा
नई दिल्ली, 14 जून (आईएएनएस)। यूरो सहित विश्व की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डालर में आई मजबूती के चलते न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज (नाइमेक्स) के कामेक्स डिवीजन में सोने व चांदी की कीमतों में सप्ताहांत मामूली तेजी दर्ज की गई लेकिन कुल पांच कारोबारी दिवस के दौरान सोने व चांदी की कीमतों में क्रमश: 2.9 व 5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
कामेक्स में सोने का अगस्त वायदा सप्ताहांत 1.10 डालर मजबूत होकर 873.10 डालर प्रति औंस बंद हुआ। पिछले सप्ताह की तुलना में यह 25.90 डालर प्रति औंस यानी 2.9 फीसदी कम है। कामेक्स में चांदी का जुलाई वायदा सप्ताहांत 8 सेंट की मजबूती से 16.56 डालर प्रति औंस बंद हुआ। पिछले सप्ताह की तुलना में यह 87 सेंट यानी 5 फीसदी कम है।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान डालर में मजबूती की वजह से सोने व चांदी की कीमतों में नरमी रही। अमेरिकी श्रम विभाग से जारी मुद्रास्फीति के आंकड़ों के मद्देनजर डालर सप्ताहांत अन्य मुद्राओं की तुलना में चढ़ा। इन आंकड़ों के अनुसार मई 2008 के दौरान उपभोक्ता मूल्य सूचकांक यानी सीपीआई में 0.6 फीसदी की तेजी दर्ज की गई जबकि खाद्य वस्तुओं व ऊर्जा को छोड़कर आंके जाने वाले कोर सीपीआई मूल्य में समीक्षाधीन माह के दौरान 0.25 फीसदी की बढ़त आई।
आने वाले सप्ताह में निवेशकों की निगाहें मुख्य रूप से यूरो जोन में जारी होने वाले उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आंकड़ों पर होगी। इन आंकड़ों से डालर यूरो की तुलना में अपनी दशा और दिशा तय करेगा।
घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स में सप्ताहांत सोने का अगस्त वायदा 18 रुपये की नरमी से 12,115 रुपये प्रति दस ग्राम बंद हुआ, वहीं चांदी का जुलाई वायदा 53 रुपये की नरमी से 23,439 रुपये प्रति किलो बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications