माया मनुवाद की पुजारी : आठवले
लखनऊ, 14 जून (आईएएनएस)। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) ने बसपा प्रमुख मायावती को मनुवाद का पुजारी बताते हुए उन्हें बेनकाब करने के इरादे से प्रदेश में 40 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।
आरपीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने आज एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दलितों के आर्थिक सशक्तीकरण का मायावती का दावा झूठा साबित हो चुका है। भुखमरी और बेरोजगारी के चलते दलित आत्महत्या को मजबूर हैं। वर्ष 2007 में 23 दलितों ने आत्महत्याएं की, जबकि 25 ने भुखमरी से दम तोड़ा।
आठवले ने कहा कि दलितों को आवंटित भूमि पर कब्जे नहीं दिलाए गए। भारी संख्या में दलित अब भी भूमिहीन हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस समय 18 लाख हेक्टेयर भूमि परती पड़ी है जिसे भूमिहीन दलितों में बांटा जाना चाहिए, लेकिन माया सरकार इन पर जेट्राफा (डीजल के पेड़) लगाने जा रही है।
आरपीआई अध्यक्ष ने कहा कि मायावती की एक साल की सरकार में न केवल दलित बल्कि आम जनता त्रस्त हो चुकी है। मायावती अंबेडकरवाद छोड़कर मनुवाद की पुजारी हो गई हैं। ऐसे में आरपीआई के प्रति दलितों में आकर्षण बढ़ रहा है। आठवले ने कहा कि सभी सत्रह सुरक्षित सीटों को मिलाकर आरपीआई उत्तर प्रदेश में 40 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications